ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित ‘यूथ स्टूडेंट मंथन’ कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल भावुक हो गया, जब राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो स्वर्ण पदक विजेता छात्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने अपनी परेशानी बताते हुए रो पड़ी।

छात्रा ने खेल चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के लिए उससे ₹1.5 लाख की रिश्वत मांगी गई।

छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन के लिए कथित तौर पर उससे पैसों की मांग की गई। छात्रा का आरोप है कि रकम नहीं देने की स्थिति में चयन प्रभावित होने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखते हुए छात्रा भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री धामी ने छात्रा की बात गंभीरता से सुनी और उसे भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करने के दिए निर्देश

छात्रा की शिकायत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

घटना सामने आने के बाद खेल जगत में भी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यदि छात्रा के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जाएगा।

खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता पर उठे सवाल

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होना बेहद महत्वपूर्ण है। छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब निगाहें अधिकारियों की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चयन के लिए वास्तव में पैसों की मांग की गई थी या मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है।

फिलहाल मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित विभाग के स्तर पर मामले की जांच और रिपोर्ट तैयार किए जाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। छात्रा के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें :  लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, गणेश गोदियाल की टीम में 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव

You missed

error: Content is protected !!