ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई, बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को नहीं मिलेगा पेट्रोल; पर्यटकों को नियमों की जानकारी देने के लिए लगाए गए बोर्ड।

हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी किया गया, जिसके बाद जिले के पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन शुरू हो गया है।

प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं। अब बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इस व्यवस्था की निगरानी भी कर रहे हैं।

इसके साथ ही नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर टैक्सी एवं बाइक रेंटल संबंधी प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित कर दिए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पूर्व जानकारी दी जा रही है, जिससे अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के समय में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मृत्यु और गंभीर चोटों के मामलों में वृद्धि हुई है, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग नहीं किया गया था। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लागू किया गया है।

यह भी पढ़ें :  लोक भवन नैनीताल में विशेष स्वास्थ्य शिविर, 150 स्वास्थ्य जांचें और 15 ईसीजी परीक्षण किए गए

You missed

error: Content is protected !!