ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चार साल पहले परिवार की नाराजगी के बावजूद की थी शादी, घरेलू विवाद के बाद वारदात से क्षेत्र में सनसनी

अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड के खुमाड़ गांव में एक प्रेम विवाह का बेहद दर्दनाक अंत सामने आया है। घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी भूमिका ने वर्ष 2022 में खुमाड़ गांव निवासी दीपक खर्कवाल से प्रेम विवाह किया था। परिवार और समाज की नाराजगी के बावजूद दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया था। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि दीपक अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था और दहेज को लेकर भी उसे प्रताड़ित करता था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए दीपक ने डंडे से भूमिका पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण भूमिका बेहोश होकर गिर गई और उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी और फिर घर से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के माता-पिता भी उसके व्यवहार से परेशान थे। घर में लगातार होने वाले विवादों के कारण वे करीब डेढ़ वर्ष पहले घर छोड़ चुके थे और रिश्तेदारों के यहां रह रहे थे। आरोपी की मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी गहरे सदमे में हैं।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम से शुरू हुई एक कहानी का हिंसक अंत होने से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल 07 जून 2026: दिन किस राशि के लिए रहेगा भाग्यशाली, जानें सभी राशियों का राशिफल

You missed

error: Content is protected !!