ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। नैनीताल के एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस में हलचल मच गई है।

किशोरी सोमवार को करीब छह माह से माहवारी नहीं आने की शिकायत लेकर अपनी मां के साथ बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, किशोरी ने अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमा फर्कियाल को बताया कि उसे करीब छह माह से माहवारी नहीं हुई है। चिकित्सक ने आवश्यक जांच के साथ उसे अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में किशोरी के करीब पांच सप्ताह चार दिन की गर्भावस्था की पुष्टि हुई।

गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों ने किशोरी की उम्र की जानकारी के लिए उसके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों के अनुसार किशोरी की उम्र 17 वर्ष 8 माह 23 दिन पाई गई। किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी।

हालांकि, पुलिस टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी अपनी मां के साथ अस्पताल से चली गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है तथा यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी किन परिस्थितियों में गर्भवती हुई।

मामले में पुलिस द्वारा किशोरी और उसके परिवार से जानकारी लेने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रही है।

मल्लीताल कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से किशोरी के गर्भवती होने की सूचना पुलिस को मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  मानसून सत्र में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा महंगा, अधिशासी अभियंता पर डीएम की सख्त कार्रवाई

You missed

error: Content is protected !!