ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल विधानसभा में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग, जिला आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

भीमताल/नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ जनआक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगातार मिल रही शिकायतों के विरोध में गुरुवार को हरीश पनेरु एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारियों के नेतृत्व में जिला आबकारी कार्यालय, नैनीताल में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आबकारी विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

धरना प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हरीश पनेरु ने कहा कि भीमताल विधानसभा के खन्स्यू, परलोट, गलनी, पदमपुरी, भटेलिया, बबियाड़ और रामगढ़ सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सामाजिक ताना-बाना भी कमजोर पड़ रहा है।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब के कारण क्षेत्र में आए दिन विभिन्न प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पहाड़ और समाज दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उनका आरोप था कि सत्ता के संरक्षण में कुछ स्थानों पर अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

ज्ञापन में आबकारी विभाग से मांग की गई कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और छापेमारी की जाए, अवैध शराब के अड्डों को तत्काल बंद कराया जाए तथा इस कारोबार में शामिल लोगों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

धरना स्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से जनहित में त्वरित कदम उठाने की अपील की।

इस दौरान हरीश पनेरु ने आबकारी विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जिला आबकारी कार्यालय, नैनीताल में उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

उन्होंने कहा, “नशे के खिलाफ हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। युवा बचाओ, पहाड़ बचाओ हमारा संकल्प है। समाज और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अवैध शराब के खिलाफ आवाज आगे भी बुलंद की जाती रहेगी।”

यह भी पढ़ें :  इंदौर में घी पर रोक के बाद उत्तराखंड में अलर्ट, दूध-डेयरी उत्पादों में मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान, खुले में ले जाए जा रहे पनीर की गाड़ियों से लिए सैंपल

You missed

error: Content is protected !!