आरडीएसएस योजना की होगी जांच, गेठिया मानसिक चिकित्सालय सितंबर तक पूरा करने के निर्देश, बरेली रोड-तीनपानी-गोरापड़ाव में सड़क हादसे रोकने के लिए सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट व रातभर चेकिंग के आदेश
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। लगभग छह घंटे तक चली इस मैराथन बैठक की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सांसद ने स्पष्ट कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचे। जिन विभागों में कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां जवाबदेही तय की जाएगी।
351 करोड़ की आरडीएसएस योजना की होगी जांच
विद्युत विभाग की लगभग 351 करोड़ रुपये की आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों को कार्यों की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सितंबर तक पूरा होगा गेठिया मानसिक चिकित्सालय
सांसद ने गेठिया में निर्माणाधीन मानसिक चिकित्सालय की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि अस्पताल का निर्माण हर हाल में सितंबर 2026 तक पूरा किया जाए, ताकि कुमाऊं मंडल के मरीजों को इलाज के लिए देहरादून न जाना पड़े।
भवाली मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल को मिलेगी गति
बैठक में बताया गया कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार भवाली में प्रस्तावित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। सांसद ने निर्देश दिए कि न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप परियोजना पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाए।
श्रीलंका टापू के लिए विशेष व्यवस्था
लालकुआं के श्रीलंका टापू क्षेत्र में बरसात के दौरान संपर्क बाधित होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने स्वास्थ्य, राशन, बिजली और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आपदा से पहले तीन माह का राशन स्टॉक
संभावित आपदा को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में तीन माह का राशन, गैस और आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री का पर्याप्त भंडारण करने तथा वितरण व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश जिला पूर्ति विभाग को दिए गए।
बरेली रोड और तीनपानी क्षेत्र में हादसे रोकने के लिए सख्ती
बरेली रोड, गोरापड़ाव, लालकुआं रोड और तीनपानी बाईपास पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर सांसद ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यूपीसीएल को पूरी रात बिजली व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस को रातभर विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया।
स्मार्ट मीटर की शिकायतों का होगा समाधान
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश द्वारा स्मार्ट मीटरों से अधिक बिजली बिल आने का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी देने और सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
मोबाइल नेटवर्क विस्तार में तेजी
दूरसंचार विभाग ने बताया कि प्रस्तावित 58 मोबाइल टावरों में से 48 स्थापित हो चुके हैं। सांसद ने शेष टावरों का कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
यूयूएसडीए को नई खुदाई रोकने के निर्देश
सांसद ने यूयूएसडीए को निर्देश दिए कि नई सड़कों की खुदाई करने के बजाय पहले पूर्व में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापन का कार्य पूरा किया जाए। बैठक में हल्द्वानी सीवरेज परियोजना और नैनीताल एसटीपी निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई।
किसानों और पशुपालकों के लिए निर्देश
कृषि विभाग ने बताया कि जिले के 67,897 किसानों में से 58,436 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। सांसद ने शेष पात्र किसानों को भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
गोवंश संरक्षण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में छह गौशालाएं संचालित हैं तथा चार नई गौशालाएं प्रस्तावित हैं। सांसद ने आवारा गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए तीन अतिरिक्त वाहनों की मांग शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जर्जर विद्यालय भवनों का होगा निर्माण
बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और जर्जर भवनों का मुद्दा भी उठा। सांसद ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को नए भवनों के प्रस्ताव तैयार करने और शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार और जल जीवन मिशन की समीक्षा
बैठक में मशरूम उत्पादन सहित कृषि आधारित स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा देने, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए।
एचपीसीएल गैस पाइपलाइन समय पर पूरी करने के निर्देश
हल्द्वानी नगर क्षेत्र में एचपीसीएल की गैस पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और अधिकाधिक उपभोक्ताओं को शीघ्र घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सुमित हृदयेश, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



