ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पिथौरागढ़। जिले के डीडीहाट क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने मैक्स वाहन चालक पर हत्या का शक जताते हुए कोतवाली डीडीहाट में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हुनेरा, पोस्ट आदिचौरा निवासी भूपेंद्र सिंह चौहान (33) बीते 13 जुलाई को किसी निजी कार्य से डीडीहाट आए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि भूपेंद्र सिंह यूके-05टीए-3333 नंबर की मैक्स वाहन से घर लौट रहे थे, जिसे ग्राम कूटा निवासी सुमित सिंह धामी चला रहा था।

कुछ समय बाद भूपेंद्र सिंह का शव कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। उनके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हुई।

घटना की सूचना वाहन चालक पंकज कन्याल ने आपातकालीन सेवा 112 पर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली डीडीहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की माता गंगा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने मैक्स चालक सुमित सिंह धामी पर हत्या का संदेह जताते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

मंगलवार को पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध और प्रथम दृष्टया हत्या से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  ब्रेकिंग न्यूज़ : नरेश पांडे प्रकरण में बड़ा मोड़: पहले पीड़िता रही युवती बनी आरोपी, कोर्ट ने पुलिस रिमांड ठुकराकर दी जमानत

You missed

error: Content is protected !!