ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

लगातार बारिश के बीच देर रात हुआ हादसा, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा, घायलों का बीडी पांडे अस्पताल में उपचार जारी।

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। पहाड़ों पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। बुधवार देर रात नैनीताल उच्च न्यायालय मार्ग पर मल्लीताल स्थित न्यू पैवेलियन होटल के समीप एक बड़ा हादसा हो गया, जब बारिश के कारण एक विशालकाय बांज का पेड़ अचानक एक मकान पर गिर पड़ा।

हादसे में मकान के भीतर मौजूद तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए मलबे और गिरे हुए पेड़ के बीच फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने एक घायल को अपनी पीठ पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जबकि दूसरे घायल को स्ट्रेचर के माध्यम से बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। तीसरे घायल को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया।

सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए उच्च न्यायालय मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ को हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य किया गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण नैनीताल जिले में भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी होने के बाद सभी संबंधित विभागों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : शेर नाला पुल छोटे वाहनों के लिए खुला, 10-15 दिनों में भारी वाहनों के लिए भी शुरू होगा आवागमन, क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का जताया आभार

You missed

error: Content is protected !!