ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एक साधु का गला दबाकर, दूसरे पर चाकू से किए गए कई वार; मंदिर में ठहरे तीन साधु वेशधारियों की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के पथरी थाना क्षेत्र स्थित शिवगढ़ गांव में स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर से सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मंदिर में रह रहे दो साधुओं की निर्मम हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में ही जमीन में दबा दिए गए। घटना का खुलासा होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मंदिर में लंबे समय से सेवा गिरि और उत्तम गिरि नामक दो साधु रहकर पूजा-अर्चना और मंदिर की सेवा करते थे। सोमवार सुबह जब दोनों साधु मंदिर परिसर में दिखाई नहीं दिए तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। काफी तलाश के बाद मंदिर परिसर में खुदाई करने पर दोनों के शव जमीन में दबे मिले।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सेवा गिरि की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि उत्तम गिरि पर चाकू से कई वार कर मौत के घाट उतारा गया। हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही दफना दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ लक्सर देवेंद्र नेगी और पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

तीन साधु वेशधारियों पर शक

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शनिवार रात तीन साधु वेशधारी व्यक्ति मंदिर में आकर रुके थे। घटना के बाद से तीनों लापता हैं, जिसके चलते पुलिस को उन पर गहरा संदेह है। आशंका जताई जा रही है कि वे मृतक साधुओं के परिचित थे और किसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध साधु वेशधारियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

हत्या की वजह बनी रहस्य

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि सेवा गिरि और उत्तम गिरि मूल रूप से किस स्थान के रहने वाले थे। चूंकि संदिग्ध साधु वेशधारी मंदिर में ही ठहरे हुए थे, इसलिए माना जा रहा है कि उनका मृतक साधुओं से पहले से परिचय था। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा कौन-सा विवाद या कारण था, जिसने इस दोहरे हत्याकांड को जन्म दिया।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों के उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : एएसआई के खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 5 लाख, आठ ट्रांजेक्शन में की वारदात

You missed

error: Content is protected !!