ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिसकर्मी भी उनकी ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला कालाढूंगी कोतवाली में तैनात एक अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) से जुड़ा है, जिनके बैंक खाते से साइबर ठगों ने आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित पुलिसकर्मी ने कोतवाली भवाली में तहरीर देकर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि लेखराज सिंह पुत्र बजीर चंद्र, निवासी ग्राम हरिपुरा, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंह नगर, वर्तमान में कोतवाली कालाढूंगी में तैनात हैं। अपनी तहरीर में उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से फरवरी 2026 तक वह कोतवाली भवाली में अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत रहे। उनका वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक की गदरपुर शाखा में संचालित है।

पीड़ित के अनुसार, 22 फरवरी 2026 की रात अज्ञात साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 5 लाख रुपये निकाल लिए। जब उन्हें खाते से धनराशि निकलने की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल अगले दिन 23 फरवरी को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद उन्होंने भवाली कोतवाली में तहरीर देकर मामले की विस्तृत जांच, अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और खाते से निकाली गई पूरी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर अपराधियों का पता लगाने के लिए ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें तथा बैंक खाते से संबंधित किसी भी अनधिकृत लेनदेन की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

यह भी पढ़ें :  डॉ. हेम चंद्र पांडे के उत्तराखंड लोक सेवा आयोग सदस्य बनने पर कूटा ने जताई खुशी, दी बधाई
error: Content is protected !!