नैनीताल। कैंची धाम, भवाली, भीमताल तथा हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 6 एवं 7 जून 2026 के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है।
यह व्यवस्था दोनों दिन प्रातः 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। वहीं मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार एवं खेड़ा चौकी क्षेत्र में रोकने की व्यवस्था की गई है।
बरेली रोड तथा रुद्रपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नरीमन तिराहा होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा। रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
विशेष रूप से 6 और 7 जून को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा तथा नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास मार्ग से होकर कालाढूंगी की ओर भेजा जाएगा।
कैंची धाम में दर्शन के लिए आने वाले बाहरी जनपदों एवं राज्यों के पर्यटकों के लिए भी विशेष पार्किंग एवं शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में तथा नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से यात्रा करनी होगी।
इसके अलावा अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग के जरिए भेजा जाएगा, ताकि कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों, वाहन स्वामियों और आमजन से अपील की है कि वे वीकेंड के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।


