हल्द्वानी/रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर में 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026 में नैनीताल पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में नैनीताल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। वहीं महिला बॉक्सिंग टीम ने समग्र प्रदर्शन के आधार पर तृतीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी भी अपने नाम की।
तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों, पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ तथा जीआरपी की कुल 15 टीमों के 161 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन बुधवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कुमाऊं परिक्षेत्र की आईजी श्रीमती निवेदिता कुकरेती तथा आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने कई वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए। आर्म कुश्ती प्रतियोगिता में संजय सिंह ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि त्रिलोक सिंह ने 90 किलोग्राम वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की 50 किलोग्राम श्रेणी में भारती ने रजत पदक जीतकर टीम के खाते में एक और उपलब्धि जोड़ी।
कुश्ती प्रतियोगिता में नैनीताल के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। रवि राणा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि कृष्णा कुमार ने 75 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला कांस्टेबल आरती ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दिव्या डांगी ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नैनीताल पुलिस का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त महिला बॉक्सिंग टीम ने समग्र अंक तालिका में तृतीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी हासिल की, जो टीम के सामूहिक प्रदर्शन का प्रमाण है।
बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भी नैनीताल पुलिस के खिलाड़ी पीछे नहीं रहे। रवि राणा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक और स्वर्ण पदक जिले की झोली में डाला।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है कि नैनीताल पुलिस ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता हासिल की है। एसएसपी ने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी उत्साह और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
नैनीताल पुलिस टीम की इस उपलब्धि से विभाग में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों की सफलता को पुलिस बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।










