ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बाइक से नदी पार करते समय बढ़ा जलस्तर, बीच धारा में फंसे युवक; प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने की अपील की

फतेहपुर (हल्द्वानी)। हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र में सोमवार शाम लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। भाखड़ा नदी पार करने का प्रयास कर रहे दो युवक अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर स्थायी पुल निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से भाखड़ा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण उनकी बाइक असंतुलित हो गई। देखते ही देखते दोनों युवक बीच धारा में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने जब युवकों को मदद के लिए संघर्ष करते देखा तो बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि भाखड़ा नदी पर वर्षों से स्थायी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मानसून के दौरान नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।

स्थानीय निवासी नीरज तिवारी ने बताया कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं लगभग हर साल सामने आती हैं। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को पुल निर्माण के लिए ज्ञापन दिए गए, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

इधर लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों को पार न करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा पैदा हो सकता है। वहीं मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग या कंट्रोल रूम को सूचना दें और सुरक्षा संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढ़ें :  रूस में फंसे पिथौरागढ़ के दो सगे भाइयों की हुई सुरक्षित वतन वापसी, सीएम धामी के प्रयासों से घर लौटे आनंद और भूपेंद्र

You missed

error: Content is protected !!