ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी के 1200 दुकानदारों की बढ़ी चिंता! 5 गुना किराया बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर मेयर से लगाई गुहार
हल्द्वानी। नगर निगम की दुकानों के किराए में प्रस्तावित भारी बढ़ोतरी को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। संयुक्त व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेयर गजराज बिष्ट से मुलाकात कर किराया वृद्धि के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की।
व्यापारी नेताओं ने बताया कि नगर निगम की करीब 1200 दुकानों में वर्षों से व्यापारी अपना कारोबार कर रहे हैं। अब तक प्रत्येक पांच वर्ष में निर्धारित नियमों के तहत 12.50 प्रतिशत किराया वृद्धि की जाती रही है, लेकिन इस बार कई गुना तक किराया बढ़ाने का प्रस्ताव व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि कोविड-19 महामारी के बाद से बाजार पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। व्यापार में लगातार मंदी का दौर बना हुआ है और अधिकांश व्यापारी आर्थिक चुनौतियों के बीच अपने कारोबार व परिवार का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में किराए में भारी वृद्धि व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी।
व्यापारियों ने नगर निगम से किराया वृद्धि के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेने की मांग की। इस पर मेयर गजराज बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर निगम और व्यापारियों, दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  भीमताल में जनप्रतिनिधियों से संवाद: प्रभारी मंत्री खजान दास ने सुनी समस्याएं, बेतालघाट व खनश्यु आश्रम विद्यालय इंटर तक होंगे उच्चीकृत
error: Content is protected !!