ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

निर्माण कार्य की लापरवाही पड़ी भारी, बाइक फिसलने से युवा होटल संचालक की मौत

रामनगर। रामनगर के कानिया क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा होटल कारोबारी की मौत हो गई। हादसा सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान फैली रेता-बजरी के कारण हुआ, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कोटाबाग निवासी ललित महरा (30 वर्ष) ग्राम सेमलखलिया में स्थित अपने 18 कमरों के होटल का संचालन करते थे। गुरुवार देर रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच वह होटल से अपने घर कानिया लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे उतारी गई रेता-बजरी सड़क पर फैली हुई थी।

रात के अंधेरे में सड़क पर फैली रेता-बजरी दिखाई न देने के कारण उनकी बाइक अचानक फिसल गई। बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से ललित महरा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना देख आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि ललित महरा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनके असमय निधन से परिवार, मित्रों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

वहीं स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को लेकर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, धर्म परिवर्तन का वादा कर मुकरा युवक गिरफ्तार
error: Content is protected !!