हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में चलते ऑटो से गिरकर ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं के रावतनगर बिंदुखत्ता निवासी विक्रम सिंह की पत्नी पूनम विष्ट अपनी ढाई साल की बेटी को गोद में लेकर ऑटो से काठगोदाम जा रही थीं।
मंगलपड़ाव से दूसरा ऑटो लेकर जैसे ही वह काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास पहुंचीं, अचानक बच्ची उनकी गोद से उछलकर सड़क पर गिर गई।
मां के चीखने पर ऑटो चालक ने वाहन रोका। घबराई मां बच्ची की ओर दौड़ी, लेकिन उसकी हालत देख बेहोश हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा के अनुसार, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

