ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एनसीआरबी रिपोर्ट 2024 में खुलासा, सात पहाड़ी राज्यों में साइबर अपराध और महिला पीड़ितों की संख्या सबसे अधिक; 203 आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। उत्तराखंड में साइबर ठगी तेजी से बढ़ती चिंता का विषय बनती जा रही है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वर्ष 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड जैसे सभी पहाड़ी राज्यों की तुलना में उत्तराखंड में सबसे अधिक साइबर अपराध दर्ज किए गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2024 में प्रदेश में साइबर ठगी के 543 मामले दर्ज हुए, जिनमें 139 महिलाएं ठगी का शिकार बनीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 203 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि उत्तराखंड में चाइल्ड पोर्नोग्राफी और इंटरनेट मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने के 82 मामले भी दर्ज हुए। महिलाओं की शिकायत पर साइबर ब्लैकमेलिंग का एक और साइबर स्टॉकिंग के दो मामले सामने आए हैं। वहीं महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन यौन शोषण के 108 मामले भी दर्ज किए गए।

पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में साइबर अपराध लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। वर्ष 2022 में 559, वर्ष 2023 में 494 और वर्ष 2024 में 543 साइबर ठगी के मामले दर्ज हुए। कुल मिलाकर तीन वर्षों में 1,596 लोग साइबर अपराध का शिकार हो चुके हैं। प्रदेश की लगभग 1.18 करोड़ आबादी के आधार पर साइबर अपराध दर 4.6 प्रतिशत दर्ज की गई है।

साइबर अपराधी निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच, फर्जी लिंक, सेक्सटॉर्शन, नकली एसएमएस, फर्जी चालान, फर्जी लोन ऐप, होटल व यात्रा टिकट बुकिंग, ऑनलाइन खरीदारी, ओटीपी साझा कराने, रिश्तेदार बनकर मदद मांगने, डिजिटल अरेस्ट, एआई के जरिए परिचितों की आवाज बनाकर, बिजली-पानी बिल, गूगल सर्च पर मिले फर्जी नंबर, अश्लील वीडियो कॉल, ऑनलाइन लॉटरी, मैट्रिमोनियल साइट, गिफ्ट पार्सल, कॉइन रिडीम, केवाईसी और जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने जैसे बहानों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।

विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करनी चाहिए और शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि धनराशि को समय रहते सुरक्षित कराया जा सके।

यह भी पढ़ें :  ब्रेकिंग न्यूज़ ! नौकुचियाताल झील में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
error: Content is protected !!