ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल पर्यटन क्षेत्र में साहसिक गतिविधियों की जांच के आदेश, उत्तराखण्ड युवा एकता मंच ने उठाई बच्चों की सुरक्षा की मांग

नैनीताल। नैनीताल जिले के भवाली, भीमताल, मुक्तेश्वर और नौकुचियाताल क्षेत्र में संचालित साहसिक गतिविधियों और एडवेंचर कैंपों की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के आधार पर की जा रही है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी, नैनीताल ने संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखण्ड युवा एकता मंच के संस्थापक पवन रावत ने बताया कि इन पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों और दूर-दराज़ क्षेत्रों से विद्यालयी छात्र-छात्राएं, शैक्षणिक संस्थानों के समूह और पर्यटक साहसिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और संचालकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कई बार अप्रमाणित उपकरणों का उपयोग, प्रशिक्षित स्टाफ की कमी, प्राथमिक उपचार की अपर्याप्त व्यवस्था और बिना अनुमति संचालित गतिविधियां गंभीर हादसों का कारण बन सकती हैं। विशेष रूप से स्कूली बच्चों की मौजूदगी में किसी भी प्रकार की लापरवाही कई परिवारों के लिए दुखद स्थिति पैदा कर सकती है।

पवन रावत ने कहा कि यह पहल केवल प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उन अभिभावकों की चिंताओं को भी सामने लाती है जो अपने बच्चों को शैक्षिक भ्रमण और एडवेंचर कैंपों में भेजते हैं। उन्होंने प्रशासन से पर्यटन सीजन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, नियमित निरीक्षण कराने और सभी साहसिक गतिविधियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि नैनीताल का पर्यटन क्षेत्र सुरक्षित, जिम्मेदार और नियमसम्मत संचालन का उदाहरण बने, इसके लिए संबंधित विभागों को प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :  नीट परीक्षा 2026: नैनीताल जिले को 2 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा, 3874 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
error: Content is protected !!