ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

फायर एनओसी के नाम पर रिश्वतखोरी, लीडिंग फायरमैन 20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। फायर एनओसी (NOC) जारी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना फायर स्टेशन में तैनात लीडिंग फायरमैन को भारी पड़ गया।

विजिलेंस टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, कोटद्वार स्थित एक निजी स्कूल ने फायर एनओसी के लिए फायर स्टेशन में आवेदन किया था। आवेदन की जांच लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह के पास थी।

उन्होंने अपनी टीम के साथ स्कूल का निरीक्षण भी किया और स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा दस्तावेज जमा किए जाने के बावजूद फाइल को आगे उच्चाधिकारियों के पास नहीं भेजा।

आरोप है कि इसी दौरान लीडिंग फायरमैन ने स्कूल प्रबंधन से एनओसी जारी कराने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ। इससे परेशान स्कूल प्रबंधन ने डायल-164 पर विजिलेंस से शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की प्राथमिक जांच सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की। तय योजना के अनुसार आरोपी ने स्कूल प्रबंधन को फायर स्टेशन के पास पैसे लेकर बुलाया।

जैसे ही उसने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास पर भी तलाशी ली है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  शेयर बाजार में बेहतर रिटर्न का दिया झांसा, साइबर ठगों ने रिटायर्ड कर्नल से ठगे लाखों रुपये
error: Content is protected !!