नैनीताल। एक शादी समारोह के दौरान लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस घटना के बाद विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार यह घटना रामनगर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई। समारोह पूरे धूमधाम से चल रहा था। शहनाइयों की गूंज और मेहमानों की चहल-पहल के बीच अचानक ज्वेलरी से भरा बैग गायब हो गया।
बैग में करीब 7 लाख 75 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे। जैसे ही चोरी की जानकारी वर-वधू पक्ष को मिली, समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं लगा।
मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध महिला की पहचान की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को मल्लीताल वाशुदा कॉटेज, मेलरोज कम्पाउंड निवासी शुभांगी पांडे पत्नी शेखर पांडे ने अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने महिला के कब्जे से चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर ली है। बरामद सामान में सोने और हीरे के मंगलसूत्र, डायमंड के कान के टॉप्स और 3520 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद शादी समारोह में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे आयोजनों में अपने कीमती सामान की विशेष निगरानी रखें।














