भवाली। नगर के श्यामखेत क्षेत्र में सोमवार शाम एक 37 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान में काम करते समय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुज कुमार (37) निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ श्यामखेत क्षेत्र में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहे थे। सोमवार शाम वह श्यामखेत स्थित एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सीएचसी भवाली के चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर भवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि युवक की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
अनुज कुमार की अचानक मौत से श्यामखेत क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।


