ब्रेकिंग न्यूज़

PMGSY के अंतर्गत निर्मित कोंता–ककरोड़–हरिश्ताल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

नैनीताल/ओखलकांडा। जिलाधिकारी के निर्देश पर ओखलकांडा क्षेत्र में PMGSY के अंतर्गत निर्मित कोंता–ककरोड़–हरिश्ताल मार्ग की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच समिति की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल ने की। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का बारीकी से परीक्षण किया गया।

जांच समिति में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता PMGSY, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। समिति ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मौके पर किए गए कार्यों का परीक्षण किया।

सड़क की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से थीं शिकायतें

क्षेत्रीय जनता की ओर से कोंता–ककरोड़–हरिश्ताल सड़क के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों में मुख्य रूप से सड़क निर्माण की गुणवत्ता, बिटुमिनस कार्य में कमियां, पैराफिट का निर्माण नहीं होना तथा कलवर्ट और गदेरों से संबंधित कार्यों में खामियां होने की बात सामने आई थी।

निरीक्षण के दौरान समिति को सड़क निर्माण कार्य में प्रथम दृष्टया कुछ कमियां दिखाई दीं। निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री और सड़क की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सड़क की खुदाई कराकर भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को समिति द्वारा सूचीबद्ध किया गया है।

निरीक्षण में ठेकेदार नहीं हुआ उपस्थित

जांच के दौरान संबंधित ठेकेदार की मौजूदगी भी अपेक्षित थी। अधिकारियों के अनुसार ठेकेदार को निरीक्षण में उपस्थित होने के लिए पूर्व में सूचना दी गई थी। कल शाम से सूचना दिए जाने के साथ ही बुधवार को भी पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद ठेकेदार निरीक्षण स्थल पर उपस्थित नहीं हुआ।

अब समिति द्वारा निरीक्षण के दौरान जुटाई गई जानकारी, तकनीकी परीक्षण और सामने आई कमियों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।

मानकों की अनदेखी मिली तो होगी कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण रिपोर्ट और तकनीकी परीक्षण के आधार पर यदि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी, गुणवत्ता में कमी अथवा किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इससे सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय जनता की शिकायतों की तकनीकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

विद्यालयों का भी किया निरीक्षण

क्षेत्र भ्रमण के दौरान जांच समिति ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखलढूंगा और प्राथमिक विद्यालय रोशिलमल्ला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से संवाद किया।

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोशिलमल्ला में कक्षा 10 के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन पर विशेष ध्यान देने तथा पढ़ाई के लिए नियमित दिनचर्या बनाने की सलाह दी गई।

विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

अधिकारियों के इस क्षेत्रीय निरीक्षण से जहां सड़क निर्माण की शिकायतों की तकनीकी जांच आगे बढ़ी है, वहीं विद्यालयों में विद्यार्थियों को परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कोटाबाग महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं का दबदबा, सभी प्रमुख पदों पर जीत

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.