गरमपानी। रातीघाट-कफुल्टा-बुढलाकोट मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से पिछले दो दिनों से यातायात पूरी तरह बाधित है। बुधवार को हुई बारिश के बाद कफुल्टा के पास पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

कफुल्टा, चौरसा और बुढलाकोट क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान सब्जियों का उत्पादन करते हैं। सड़क बंद होने के कारण किसान अपनी तैयार उपज को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। चौरसा निवासी संजय सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क पर पिछले दो दिनों से मलबा पड़ा हुआ है। मार्ग बंद होने के कारण किसानों को सब्जियां बाजार तक पहुंचाने में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क खोलने की मांग की है।

जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा

मार्ग को यातायात के लिए खोलने के लिए विभाग की ओर से जेसीबी मशीन लगाई गई है। हालांकि मलबे की मात्रा अधिक होने के कारण केवल जेसीबी से काम पूरा नहीं हो पा रहा है। अब मलबे को डंपरों के माध्यम से भी हटाया जा रहा है। इसके बावजूद अभी तक वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता तैयार नहीं हो सका है।

पीएमजेएसवाई की सहायक अभियंता नेहा आमरीन ने बताया कि सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीन मौके पर लगाई गई है। मलबा अधिक होने के कारण उसे डंपरों की मदद से हटाया जा रहा है। विभाग की टीम लगातार मार्ग खोलने के प्रयास में जुटी है और जल्द ही यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इस मार्ग पर पहाड़ी से मलबा आने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों ने विभाग से मार्ग की नियमित निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की भी मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार यातायात बाधित न हो।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भवाली-नैनीताल में आवासीय भवनों पर ध्वस्तीकरण नोटिस के खिलाफ लामबंद हुई जनता, कांग्रेस नेता शीलू कुमार ने सीएम धामी से मांगा मालिकाना हक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.