ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने अधीनस्थ न्यायालयों (सिविल एवं कुटुम्ब न्यायालयों) में समूह ‘ग’ के कुल 398 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। आयोग ने कनिष्ठ सहायक तथा स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 78/उ०अ० से०च०आ०/2026 के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होगी और 6 जुलाई 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
भर्ती के तहत कनिष्ठ सहायक (सिविल न्यायालय) के 230, कनिष्ठ सहायक (कुटुम्ब न्यायालय) के 29, स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय) के 128 तथा स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (कुटुम्ब न्यायालय) के 11 पद भरे जाएंगे।
कनिष्ठ सहायक पदों के लिए वेतनमान ₹21,700 से ₹69,100 (लेवल-03), स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय) के लिए ₹29,200 से ₹92,300 (लेवल-05) तथा कुटुम्ब न्यायालय में वैयक्तिक सहायक पद के लिए ₹44,900 से ₹1,42,400 (लेवल-07) निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थियों का चयन वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा सकती है।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की दोनों तरफ की प्रति तथा आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र में सही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करने की अपील की है, क्योंकि प्रवेश पत्र और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं एसएमएस, ई-मेल एवं आयोग की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। डाक से प्रवेश पत्र नहीं भेजे जाएंगे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : गोरापड़ाव डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो और शातिर अभियुक्त गिरफ्तार; 1.40 लाख की लूटी नकदी, दो तमंचे और कार बरामद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.