हल्द्वानी। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने मंगलवार को हल्द्वानी क्षेत्र में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर यातायात पुलिस और सीपीयू की संयुक्त टीम ने विभिन्न विद्यालयों के वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 17 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और विद्यालयी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन करवाना था। सुबह के समय विभिन्न स्कूलों की बसों, वैनों और अन्य परिवहन वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस, बीमा, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, चालक एवं परिचालक की निर्धारित वर्दी तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। इसके अलावा वाहन चालकों द्वारा चप्पल पहनकर वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने तथा यातायात नियमों के पालन की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। पुलिस ने फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध न होने, निर्धारित वर्दी का पालन न करने तथा चप्पल पहनकर वाहन संचालन करने जैसी अनियमितताओं पर 15 चालान किए। इसके अतिरिक्त एक वाहन का बिना बीमा संचालन पाए जाने पर चालान किया गया, जबकि एक अन्य वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र बैठाए जाने पर कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर 17 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि उनके वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों और संस्थानों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि यदि किसी स्कूली वाहन में सुरक्षा संबंधी खामियां दिखाई दें तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  बनबसा एनएचपीसी में आज धामी कैबिनेट की अहम बैठक, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होंगे कई महत्वपूर्ण फैसले

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.