ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड में गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि, प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

रविवार को राजधानी देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से ही चटक धूप खिली रही। दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर भी बढ़ता गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा।

11 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। विशेष रूप से मैदानी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

गरज-चमक और आंधी का भी अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जून के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। इससे पहले आगामी दो दिनों के दौरान पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

गर्मी के बढ़ते असर के बीच अब प्रदेशवासियों की निगाहें 11 जून से संभावित बारिश पर टिकी हैं, जो तपिश से राहत दिला सकती है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में शिक्षक पर छात्र को चांटा मारने का आरोप, कान में अंदरूनी चोट की पुष्टि

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.