ब्रेकिंग न्यूज़

आर्मी कैंट में दीवार फांदकर घुसा मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक, पुलिस ने साइबर तकनीक से खोजे परिजन

नेटग्रिड की मदद से खुली पहचान, हल्द्वानी पुलिस ने बिछड़े बेटे को परिवार से मिलाने का किया इंतजाम

संदिग्ध नहीं, लापता निकला युवक; हल्द्वानी पुलिस की तत्परता से परिजनों तक पहुंची खुशखबरी

हल्द्वानी। आर्मी कैंट के प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया एक व्यक्ति जांच के दौरान उत्तर प्रदेश का चार माह से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक निकला। हल्द्वानी पुलिस ने साइबर तकनीक और त्वरित कार्रवाई के जरिए उसकी पहचान कर परिजनों से संपर्क स्थापित किया, जिससे अब वह जल्द अपने परिवार से मिल सकेगा।

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को आर्मी कैंट एरिया राजपुरा में नायब सूबेदार पी.सी. प्रधान व अन्य जवानों ने प्रतिबंधित क्षेत्र की दीवार फांदकर प्रवेश करने वाले एक व्यक्ति को पकड़कर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस के सुपुर्द किया। पूछताछ के दौरान वह केवल अपना नाम इरफान बता पा रहा था और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के निर्देश पर युवक का फोटो लेकर नेटग्रिड के माध्यम से पहचान कराई गई। जांच में उसकी पहचान इरफान (36 वर्ष), निवासी ग्राम सिगोही, थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

इसके बाद हल्द्वानी पुलिस ने डीसीआर बलरामपुर से संपर्क कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई। परिवार ने बताया कि इरफान करीब साढ़े तीन से चार माह पहले गोरखपुर में इलाज के दौरान लापता हो गया था और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था।

हल्द्वानी पुलिस से सूचना मिलने पर परिजनों ने राहत और खुशी जताते हुए नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा जल्द हल्द्वानी पहुंचकर इरफान को अपने साथ ले जाने की बात कही।

पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बिछड़ा बेटा अब अपने परिवार से मिल सकेगा। इस सराहनीय कार्य की उच्चाधिकारियों ने भी प्रशंसा की है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 26 अगस्त 2026
error: Content is protected !!