देहरादून/हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम के अंतर्गत आने वाले नए वार्डों के व्यापारियों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है।

क्षेत्रीय  विधायक बंशीधर भगत के नेतृत्व में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (ग्रामीण इकाई मुखानी-कुसुमखेड़ा) के एक शिष्टमंडल ने  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कमर्शियल टैक्स वसूली के विरोध में ज्ञापन सौंपा।

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस टैक्स वसूली पर तुरंत रोक लगाने के लिए विचार करेगी और इसे आने वाले समय में निरस्त करने हेतु उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुलाकात के दौरान  विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जब इन ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निगम की सीमा में सम्मिलित किया गया था, तब सरकार द्वारा यह स्पष्ट घोषणा की गई थी कि अगले 10 वर्षों तक इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का भवन कर या अन्य टैक्स नहीं लिया जाएगा।

व्यापारियों का तर्क है कि वर्तमान में मात्र 7 वर्ष की अवधि पूर्ण होने पर ही नगर निगम द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से टैक्स वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जो कि पूर्व के वादे और शासनादेश के विरुद्ध है।

 विधायक बंशीधर भगत की पुरजोर पैरवी पर मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे का न्यायसंगत समाधान निकालेंगे और जल्द ही इस पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री के इस आश्वासन पर व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने हर्ष व्यक्त करते हुए सरकार का आभार जताया।

इस अवसर पर  विधायक बंशीधर भगत के साथ मुख्य रूप से नरेश पंत, हरीश मतवाल, हरीश कपिल और एडवोकेट वी.के. शर्मा सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: गौलापार में भूमि संस्था की पहल, 25 महिलाएं सीख रहीं जूट बैग निर्माण और सिलाई का हुनर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.