ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर। गिरिजा देवी मंदिर के समीप कोसी नदी में नहाने के दौरान एक 24 वर्षीय युवती की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान निशु निवासी ठाकुरद्वारा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ भागवत कथा की सामग्री का विसर्जन करने मंदिर आई थी।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम जल विसर्जन के बाद निशु अपनी ममेरी बहन के साथ कोसी नदी में नहाने के लिए उतरी थी। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में फंस गईं। परिजनों ने तत्काल प्रयास कर ममेरी बहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन निशु तेज बहाव में बह गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब 15 मिनट बाद निशु को नदी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर रामनगर क्षेत्र की नदियों में डूबने से यह तीसरी मौत है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदियों के गहरे और खतरनाक हिस्सों में जाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, डीएम ने जारी किए आदेश
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.