ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण बताई जा रही है कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान हिम्मतपुर निवासी कमल पांडे पुत्र पूरन पांडे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में शामिल डंपर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर लगातार छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। विशेष रूप से तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण यहां सड़क दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से चौराहे पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है। साथ ही भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह के गंभीर हादसे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  देवीधुरा में ऐतिहासिक बग्वाल का भव्य आयोजन, 8 मिनट तक गूंजे मां वाराही के जयकारे; CM धामी ने की पूजा-अर्चना, देवीधुरा को नगर पंचायत बनाने का ऐलान
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.