भांजे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक व्यक्ति की पारिवारिक विवाद में उसके जीजा के छोटे भाई ने गला रेत कर हत्या

हरिद्वार। रुड़की में अपने भांजे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक व्यक्ति की पारिवारिक विवाद में उसके जीजा के छोटे भाई ने गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हरिद्वार के SSP प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने शुक्रवार को बताया कि रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब क्षेत्र के रहने वाले मुख्य आरोपी नमन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसएसपी ने बताया कि बुधवार रात को एक युवक कुणाल पुंडीर (25) के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई थी जिसमें जलने से उसकी मौत हो गई थी।

पुंडीर का मामा सोनू चौहान (40) गुरुवार को उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आया था और इसी दौरान उसके जीजा के छोटे भाई नमन ने पारिवारिक विवाद में कथित तौर पर उसकी गर्दन रेत कर हत्या कर दी। हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

सोनू चौहान की बहन ने इस संबंध में गंगनहर पुलिस थाने में शिकायत दी जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भागने की फिराक में रहे नमन को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।

एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले काफी सालों से उनके बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और मौका मिलते ही उसने अपने भाई के साले चौहान की हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि अभी पूछताछ चल रही है और अगर हत्या में किसी और के शामिल होने की बात सामने आई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  SSP मंजुनाथ टीसी की सराहनीय पहल, जागरूकता में नया ट्विस्ट! रामलीला मैदान में सेल्फी पॉइंट, लोकल टीवी पर साइबर सुरक्षा की छोटी-छोटी क्लिप; जन-जन तक पहुंच रहा ठगी से बचाव का संदेश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.