ब्रेकिंग न्यूज़

मतदान खत्म होने के बाद नैनीताल रोड पर बढ़ा विवाद, मारपीट से मची अफरा-तफरी; घायल छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव के बाद हंगामा और मारपीट

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान और मतदान समाप्त होने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। मतदान खत्म होने के बाद कॉलेज के बाहर नैनीताल रोड पर छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक छात्र के सिर पर चोट लगने से वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद सचिव पद के प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी और भविष्य रावत के समर्थक गुटों के बीच हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज से बाहर निकले छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया। इसके बाद छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

मारपीट के दौरान सार्थक रस्तोगी के एक समर्थक के सिर पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। चोट लगने के बाद छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और राहगीरों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

महिला छात्र नेताओं के बीच भी हुआ विवाद

इसी दौरान महिला छात्र नेताओं के बीच भी कहासुनी और गाली-गलौज की स्थिति बनने की बात सामने आई है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की महिला छात्र नेताओं के बीच हाथापाई भी हुई। कुछ छात्राएं मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में शामिल होती दिखाई दीं। इससे मौके पर कुछ देर के लिए स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

छात्रसंघ चुनाव के दौरान पहले से ही कॉलेज परिसर और आसपास पुलिस की तैनाती की गई थी। मतदान के दौरान भी पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज के बाहर हुए विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

मतदान पूरा, अब परिणाम का इंतजार

एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मतदान के बाद हुई झड़प ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है। अब सभी की नजर मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले में शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने किया रामगढ़ से कैचीधाम मोटर मार्ग पर 5करोड़ 28लाख की लागत से होने वाले डामरीकरण कार्य का शुभारम्भ ग्रामीणों ने किया आभार व्यक्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.