दिव्यांगों को सीएम धामी की बड़ी सौगात,विश्व विकलांग दिवस पर,राज्य दक्षता पुरस्कार में अब मिलेंगे आठ हजार रुपये
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिव्यांगजनों को राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार के रूप में दी जाने वाली धनराशि पांच हजार से बढ़ाकर आठ हजार रुपये की जाएगी।
साथ ही सहायक यंत्र/उपकरण के लिए कृत्रिम अंग अनुदान की धनराशि 3500 से बढ़ाकर सात हजार रुपये की जाएगी। यह घोषणाएं मुख्यमंत्री ने शनिवार को विश्व दिव्यांग दिवस पर सुभाष रोड स्थित लार्ड वेंकटेश्वर हाल में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार समारोह में कहीं।
32 दिव्यांगजनों को पांच-पांच हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व मेडल दिए
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार स्वरूप 32 दिव्यांगजनों को पांच-पांच हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान किए। जिसमें 10 उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारी, 11 दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी, 10 स्वरोजगार करने वाले दिव्यांगजन व एक सेवायोजक अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के बीच जाकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी सकारात्मक सोच एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढे़ं, तो सब कुछ संभव है।





