पवाणी अग्निकांड: 30 परिवारों के उजड़े आशियाने, मुख्यमंत्री से घटनास्थल पर पहुंचने की अपील

 आग ने छीनी घरों की छत, अब सरकार से मदद की आस, CM धामी से पीड़ितों ने लगाई गुहार

उत्तरकाशी अग्निकांड: बेघर हुए 30 परिवारों की मदद को आगे आएं सरकार, मुख्यमंत्री स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों का दर्द समझें-  पीड़ित

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। आग की चपेट में आने से गांव के करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। इस हादसे में प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने, खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों की पीड़ा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से करबद्ध निवेदन किया गया है कि वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करें और उनकी समस्याओं एवं पीड़ा को करीब से समझें।

कहा गया है कि इस अग्निकांड ने केवल लोगों के आशियाने ही नहीं छीने, बल्कि उनकी वर्षों की मेहनत, जीवनभर की कमाई, अनमोल यादों और भविष्य के सपनों को भी राख कर दिया है। जिन घरों में कभी परिवारों की खुशियां और जीवन की रौनक हुआ करती थी, आज वहां आग से हुई तबाही के निशान बाकी हैं। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

इस दौरान यह भी कहा गया कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों को केवल आश्वासन देने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि उन्हें धरातल पर ठोस मदद की आवश्यकता है। प्रशासन और सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राहत पहुंचानी चाहिए।

पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछना, उन्हें आर्थिक और सामाजिक संबल देना तथा उनके जीवन में दोबारा उम्मीद की किरण जगाना सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अब प्रभावित ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से शीघ्र राहत और पुनर्वास की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  नैनी झील में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, ठंडी सड़क पर मची सनसनी; पुलिस ने झील से निकालकर मोर्चरी में रखवाया शव

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.