ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139 वॉ जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

नशा छोड़ो, दूध अपनाओ; पंत जयंती पर नैनीताल में युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

पंडित पंत के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा करें: नैनीताल में बोले शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत

चार माह में स्कूलों को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य: धन सिंह रावत

 रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। भारत रत्न, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री रहे पंडित गोविंद बल्लभ पंत का 139वां जन्मोत्सव गुरुवार को नैनीताल स्थित पंत पार्क में श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए नमन किया।

नैनीताल पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। विधायक सरिता आर्या एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं गायन प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांध दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

पंत जी के आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: धन सिंह रावत

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारत के गौरव थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण और देश को एकजुट करने में भी विशेष योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि हम सभी को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश और प्रदेश को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने संयुक्त प्रांत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के गृहमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया तथा उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। आज पूरा देश उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद करता है।

अल्मोड़ा में पंत जी का भव्य मंदिर और स्मारक तैयार

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद के प्रभारी मंत्री होने के नाते उनके प्रयासों से अल्मोड़ा में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का भव्य मंदिर, प्रतिमा और स्मारक तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि पंडित पंत का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

चार माह में स्कूलों को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता राज्य के प्रत्येक गांव के स्कूल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आगामी चार माह के भीतर प्रदेश के विद्यालयों को आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

निराश्रित बच्चों की जानकारी प्रशासन को दें

कैबिनेट मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के आसपास, कस्बे या नगर पालिका क्षेत्र में कोई निराश्रित बच्चा है तो उसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे बच्चों के लिए प्रत्येक जिले में हॉस्टल की व्यवस्था की है, जहां उन्हें निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

नशा मुक्त उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प, युवाओं को दूध पीने की प्रेरणा

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण नशा मुक्ति का संकल्प भी रहा। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 28 लाख परिवार निवास करते हैं और करीब 30 लाख बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में हम सभी को मिलकर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने उपस्थित लोगों, युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को नशे के बजाय दूध पीने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को दूध का वितरण भी किया गया तथा सभी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

पंत जी ने किसानों, गरीबों और वंचितों के लिए किया संघर्ष: सरिता आर्या

विधायक सरिता आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने कुमाऊं क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक उत्थान के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने किसानों, गरीबों और समाज के वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि पंडित पंत ने प्रशासनिक व्यवस्था में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण सेवाओं को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

इस दौरान विधायक सरिता आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र के दो विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने स्वीकृति के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।

खूंट गांव से निकलकर देश की राजनीति को दी नई दिशा: दिनेश चंद्र आर्या

दर्जा राज्य मंत्री दिनेश चंद्र आर्या ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पंडित पंत ने कुमाऊं और उत्तराखंड का नाम पूरे देश और दुनिया में गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव से निकलकर पंडित पंत ने देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और स्वतंत्रता आंदोलन में अपना पूरा जीवन समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश और प्रदेश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, उद्योग, कृषि और प्रशासनिक व्यवस्था के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी पंडित पंत का योगदान महत्वपूर्ण रहा और उनके प्रयासों से शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान के क्षेत्र को नई मजबूती मिली।

पत्रकारों, प्रतिभाओं और विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने पत्रकारिता एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जहांगीर राजू, संपादक हिंदुस्तान, वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र पांडे, गिरीश रंजन तिवारी सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले खुर्पाताल निवासी नवल कुमार एवं कविता मेहरा को गोविंद बल्लभ पंत सम्मान से सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक एवं गायन प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा एवं दिनेश चंद्र आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, पूर्व विधायक नारायण जयंतवाल, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नैनीताल, पूर्व सभासद दीपक बर्गली, पूरन मेहरा, दीपक कुमार भोला, पूरन सिंह, किशन सिंह रौतेला, शासकीय अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत, गजाल कमाल, सपना बिष्ट, लता दफौती, गीता उप्रेती, सुरेंद्र कुमार, मीनू बुधलाकोटी, राजू लाल, राजेश लाल, प्रदीप सहदेव, विक्की कुमार सहित जिला शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें :  लालकुआं में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी द्वारा किया गया शुभारंभ

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.