ब्रेकिंग न्यूज़

इंदौर में भीषण अग्निकांड: इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से लगी आग, 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत

इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्थित बंगाली चौराहे के पास प्रीति नगर (छोटा राजवाड़ा क्षेत्र) में देर रात दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक अग्निकांड में मकान मालिक मनोज पुगलिया सहित परिवार के 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार को चार्जिंग पर लगाया गया था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से कार में आग लग गई, जो तेजी से पूरे मकान में फैल गई। बताया जा रहा है कि घर में करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से 4 सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। लगातार हुए धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और आग ने विकराल रूप ले लिया।

हादसे के समय परिवार में किसी आयोजन की तैयारी चल रही थी, जिसके चलते कई रिश्तेदार भी घर में मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। फायर ब्रिगेड की 5 से अधिक गाड़ियों और एसडीईआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अब तक 8 शवों को बाहर निकाला गया।

आग के दौरान धुआं इतना घना था कि राहत कार्य में जुटे फायरकर्मियों और पुलिसकर्मियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जवानों को धुएं के कारण घुटन और मामूली चोटें आईं।

फिलहाल पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट को हादसे का कारण माना है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती, मशीनों और औजारों की हुई विशेष पूजा-अर्चना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.