दूरस्थ गांवों में पहुंचे नैनीताल SSP मंजूनाथ टीसी, बुजुर्गों से जाना हालचाल; ग्रामीणों को दिया सुरक्षा का भरोसा, बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

कोटाबाग क्षेत्र के दूरस्थ गांव की चौपाल से पहाड़ी रसोई तक पहुंचे SSP मंजूनाथ टी.सी., दूरस्थ क्षेत्रों में जनमिलन कर ग्रामीणों की समस्या व सुझाव से हुए रूबरू को सुरक्षा का भरोसा, सम्बंधित प्रभारियों को दिए निर्देश, स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों एवं उत्पादों को प्रोत्साहित करने की पहल

कोटाबाग के पाटकोट और रामपुर गांव में जनमिलन कार्यक्रम, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; स्वास्थ्य केंद्र और होमस्टे का भी किया निरीक्षण, साइबर ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक

कोटाबाग (नैनीताल)। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को करीब से समझने के उद्देश्य से नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को कोटाबाग क्षेत्र के दूरस्थ गांव पाटकोट और रामपुर का भ्रमण किया। जनमिलन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस दौरे में एसएसपी ने ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।

एसएसपी ने गांव के बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों, विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में ग्रामीण बिना संकोच पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।

इस दौरान ग्राम प्रधान रमेश चंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों से भी क्षेत्र की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। एसएसपी ने ग्रामीणों को कोटाबाग और बैलपड़ाव चौकी प्रभारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।

उन्होंने संबंधित चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर गांवों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करें और उनकी कुशलक्षेम लेते रहें। खासकर ऐसे बुजुर्ग महिला एवं पुरुष, जो घरों में अकेले रहते हैं, उनकी समस्याओं और जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। जरूरत पड़ने पर पुलिस उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित करे।

इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित अभियान के तहत लगाए गए कैंप का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनका हालचाल जाना। एसएसपी ने स्वयं भी नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान में सहभागिता की। उन्होंने मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

कुमाऊंनी व्यंजनों का लिया स्वाद, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

एसएसपी ने क्षेत्र में संचालित एक स्थानीय होमस्टे का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने कुमाऊंनी पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय पहाड़ी उत्पादों का स्वाद लिया। होमस्टे संचालकों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, उनकी पहचान बढ़ाने और ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान दिलाने के विषय में चर्चा की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक खानपान और पहाड़ी उत्पाद उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में होमस्टे पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिल सकते हैं। इस दौरान होमस्टे संचालकों और स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी एसएसपी के सामने रखे, जिस पर उन्होंने आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

साइबर ठगी को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

जनमिलन कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस पूरे भ्रमण के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनना, बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ग्रामीणों के बीच विश्वास कायम करना भी उसकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी कोटाबाग, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  रामनगर में बाघ का खूनी हमला, युवक को जंगल में घसीट ले गया बाघ; दो घंटे की तलाश के बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.