ऊंचापुल पर कब खत्म होगा जाम का संकट? जनता ने प्रशासन और नेताओं को दी चुनाव में सबक सिखाने की चेतावनी

शादी सीजन में बढ़ी परेशानी, स्कूल जाने वाले बच्चों और महिलाओं को सड़क पार करने में हो रही भारी दिक्कत; धीमी गति से चल रहे नहर कवरिंग के कार्य पर स्थानीय लोगों में आक्रोश

हल्द्वानी। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल ऊंचापुल चौराहे पर इन दिनों जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नहर कवरिंग का कार्य अधूरा होने और सड़क का समुचित चौड़ीकरण एवं समतलीकरण नहीं किए जाने के कारण यहां आए दिन वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

खासकर शादी-विवाह के सीजन में वाहनों की आवाजाही बढ़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया गया था, वह उद्देश्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है।

दरअसल, करीब एक वर्ष पूर्व ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण की राह में बाधा बन रही नहर के ऊपर स्थित एक भवन को प्रशासन ने अतिक्रमण की कार्रवाई के तहत ध्वस्त कराया था। तत्कालीन जिलाधिकारी की पहल पर की गई।

इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क को चौड़ा करना और क्षेत्रवासियों को आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाना था। उम्मीद थी कि भवन ध्वस्तीकरण के बाद संबंधित क्षेत्र को समतल कर सड़क को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी। लेकिन करीब एक साल बीतने के बावजूद संबंधित स्थान का काम पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चौराहे के बीचोंबीच नहर का खुला हिस्सा और गहरा गड्ढा लंबे समय तक दुर्घटनाओं की आशंका पैदा करता रहा। इसके बाद करीब तीन माह पूर्व लगभग 100 मीटर के दायरे में नहर कवरिंग के लिए स्लैब डालने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि जिस रफ्तार से काम चल रहा है, उसे देखते हुए इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।

शादी सीजन ने बढ़ाई जाम की समस्या

इन दिनों शादी-विवाह का सीजन होने के चलते ऊंचापुल चौराहे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सुबह से शाम तक कई बार लंबा जाम लगने से वाहन चालकों को काफी देर तक सड़क पर फंसे रहना पड़ता है।

चौराहे से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ स्थानीय निवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों का समय बर्बाद हो रहा है और जरूरी कामों से जाने वाले लोगों को भी देरी का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूली बच्चों और महिलाओं के सामने सड़क पार करने की चुनौती

इस जाम का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। सड़क पर वाहनों की भीड़ और निर्माण कार्य के कारण पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता तलाशना मुश्किल हो रहा है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। वहीं, शादी समारोहों में शामिल होने जा रहे लोगों को भी समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं दे रही है। स्थानीय नेताओं पर निशाना साधते हुए लोगों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव बीतने के बाद जनता की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।

लोगों का कहना है कि हल्द्वानी में अतिक्रमण, बदहाल सड़कें, गड्ढे और जाम की समस्या अब आम होती जा रही है। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस योजना और समयबद्ध कार्यवाही की आवश्यकता है।

विधानसभा चुनाव 2027 नजदीक आते देख स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों को चेतावनी भी दी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऊंचापुल चौराहे पर जाम की समस्या, नहर कवरिंग, सड़क के समतलीकरण और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपनी नाराजगी जाहिर करेगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर कवरिंग का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए और चौराहे को व्यवस्थित कर यातायात सुचारु किया जाए।

अब सवाल यह है कि आखिर ऊंचापुल चौराहे की इस समस्या का समाधान कब होगा? क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनता को जाम से राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे या फिर लोगों को इसी तरह रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ेगा?

यह भी पढ़ें :  भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से मिले युवा निर्माता कार्तिक पालीवाल, शिष्टाचार भेंट की हो रही सराहना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.