माथे को छूकर निकली गोली, घायल अधिकारी को एम्स ऋषिकेश किया गया रेफर, आरोपी चालक पुलिस हिरासत में

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के पुलिस अधीक्षक (SP) सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक द्वारा कथित तौर पर गोली चलाए जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एसपी घायल हो गए। गनीमत रही कि गोली उनके माथे को छूते हुए निकल गई और उनकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान IB के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली माथे को छूकर निकलने से अधिकारी घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर उसने अपने ही अधिकारी पर गोली क्यों चलाई और इस वारदात के पीछे क्या वजह रही।

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, घायल IB अधिकारी खतरे से बाहर हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी चालक से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर तैनात अधिकारी पर उनके ही चालक द्वारा कथित फायरिंग किए जाने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही वारदात के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें :  पशु क्रूरता का मामला: दो पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे मिले 11 मवेशी, पुलिस ने दो चालकों को किया गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.