ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी।  कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल समस्या, विद्युत बिल त्रुटि तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जैसे गंभीर प्रकरण सामने आए।

सुल्तानपुर पट्टी बाजपुर निवासी देवनाथ मिश्रा की पेंशन संबंधी शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। वहीं जेल रोड हल्द्वानी निवासी दुर्गा कोरंगा के पारिवारिक विवाद को आपसी सुलह-समझौते से सुलझाया गया।

लोहरियासाल ऊंचापुल निवासी सुनीता सागुड़ी एवं मल्ला ऊंचापुल निवासी जयश्री जोशी द्वारा रखे गए संपत्ति व भूमि विवाद के मामलों में तहसीलदार हल्द्वानी को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। ओखलकांडा निवासी त्रिलोचन की दिव्यांग प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से तत्काल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।

संतोषपुर बाजपुर निवासी नसीमा पत्नी नन्हे शाह ने भूमि के मूल दस्तावेज वापस न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार बाजपुर और थाना प्रभारी बाजपुर को तत्काल कार्रवाई कर दस्तावेज वापस दिलाने तथा दोषी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लालकुआं निवासी राम प्रसाद के विद्युत बिल में आई त्रुटि का भी मौके पर समाधान किया गया। विभागीय अधिकारी ने बताया कि मीटर खराब होने से बिल अधिक आया था, जिसे संशोधित कर ₹8000 कर दिया गया है और उपभोक्ता द्वारा भुगतान भी कर दिया गया है।

लामाचौड़ निवासी राधा बिष्ट की पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी तथा नया बाजार हल्द्वानी निवासी आदेश कुमार टंडन की बैंक ऋण मुक्त भूमि से संबंधित शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रबंधन को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : 10 करोड़ से ज्यादा के फर्जीवाड़े पर IG कुमाऊँ सख्त, धनंजय गिरी प्रकरण में चौकी इंचार्ज निलंबित, SIT गठित
error: Content is protected !!