नैनीताल। रोटरी क्लब नैनीताल के तत्वाधान में 19 फरवरी 2026 को नैनीताल में रोटरी (पीस) शांति कार रैली का आयोजन किया जाएगा।
शांति, सद्भावना और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में रोटेरियन और नागरिक शामिल होंगे।
यह पीस कार रैली रोटरी मंडल 3110 के अंतर्गत मंडल अध्यक्ष रो. राजेन विद्यार्थी के नेतृत्व में 18 फरवरी को बरेली से रवाना होगी। रैली पीलीभीत होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी और 19 फरवरी को काशीपुर से होकर सायं 3 बजे नैनीताल पहुंचेगी।
नैनीताल पहुंचने पर रोटरी क्लब नैनीताल के सदस्य दोपहर 2:40 बजे बारापत्थर के समीप रैली का स्वागत करेंगे और अपने वाहनों के साथ रैली में शामिल होते हुए डी एस ए मैदान पार्किंग तक आएंगे।
डीएसए मैदान में दोपहर 3:30 बजे बरेली से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के इंटरैक्टर्स द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात बैंड स्टैंड में पारंपरिक छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर सायं 5 बजे डीएसए मैदान पार्किंग से यह पीस कार रैली मॉल रोड होते हुए हल्द्वानी के लिए रवाना होगी।
रोटरी क्लब नैनीताल ने नगरवासियों से अपील की है कि वे सायं 5 बजे डीएसए मैदान पार्किंग में पहुंचकर रोटरी पीस कार रैली की शोभा बढ़ाएं और शांति, सद्भावना तथा भाईचारे की इस पहल को सफल बनाने में सहयोग दें।














