ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। यूजीसी बिल के विरोध में शहर में स्वर्ण समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण शक्ति संगठन के आह्वान पर बड़ी संख्या में समाज के लोग रामलीला मैदान में एकत्र हुए और वहां से रैली निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया। रैली का नेतृत्व संगठन के संयोजक प्रकाश हरबोला ने किया।

रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रकाश हरबोला ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित UGC बिल स्वर्ण समाज के हितों के खिलाफ है और इसे समाज को दबाने की मंशा से लाया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिना व्यापक चर्चा और सभी पक्षों की सहमति के ऐसा विधेयक लाना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने रामलीला मैदान से जुलूस निकाला, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा।

रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बिल को तत्काल वापस लेने की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने ललित मोहन रयाल के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से UGC बिल को तुरंत वापस लेने तथा इस विषय पर सभी वर्गों के साथ व्यापक संवाद करने की मांग की गई।

प्रकाश हरबोला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते बिल वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखा गया और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन संपन्न हुआ।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में 21 फरवरी से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा शुरू, 108 केंद्रों पर कड़ी निगरानी; 12 सचल दल रहेंगे तैनात

You missed

error: Content is protected !!