ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। शहर में बेतरतीब खुदी सड़कों और आबादी के बीच दौड़ रहे भारी वाहनों ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे पनचक्की रोड अंबिका विहार के पास ट्रक की चपेट में आकर 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुरेश चंद्र पांडे रानीबाग से स्कूटी पर किसी की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद शांति नगर स्थित अपने आवास लौट रहे थे।

इसी दौरान सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क के पास से गुजर रहे ट्रक से पास लेते समय वह असंतुलित होकर ट्रक की चपेट में आ गए। हेलमेट पहनने के बावजूद वह उन्हें बचा नहीं सका और उछलकर दूर जा गिरा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दुर्घटना में शामिल ट्रक को सीज कर लिया गया है।

घटना पर स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने गहरा दुख जताते हुए यूएसडीडीए को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बीते दो महीनों से इलाके में सीवर लाइन के नाम पर जगह-जगह बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिनकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मौके पर पहुंचे सुमित हृदयेश ने भी शहर में अव्यवस्थित तरीके से खुदी सड़कों को हादसे का कारण बताया और यूएसडीडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर से फोन पर बात कर नाराजगी जताई।

मृतक सुरेश चंद्र पांडे सेवानिवृत्त कर्मी थे। उनकी दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। वह शांति नगर में अपनी पत्नी लता पांडे के साथ रहते थे। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग सड़क निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : SSP डॉ० मंजुनाथ टीसी ने 56.25 लाख से अधिक कीमत के मोबाईल फोन ढूंढकर 256 लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

You missed

error: Content is protected !!