नैनीताल। जिले में विकसित भारत युवा संसद–2026 का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के समन्वय से 25 फरवरी 2026 को डीएसबी परिसर, नैनीताल के सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए 50 से अधिक युवाओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
उद्घाटन सत्र में प्रो. संजय पंत (डीएसडब्ल्यू), प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी सी. चन्याल (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी) एवं श्रीमती डॉल्वी तेवतिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. हरि प्रिया पाठक, डॉ. नवीन चंद्र पांडेय, श्री अंचल पंत एवं डॉ. ललित तिवारी शामिल रहे। इस अवसर पर उपनिदेशक, मेरा युवा भारत नैनीताल, डॉल्वी तेवतिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रो. संजय पंत ने संविधान को राष्ट्र का सर्वोच्च दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता है, जबकि आपातकाल का दौर इसके नकारात्मक पक्ष के रूप में याद किया जाता है।
प्रो. ललित तिवारी ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, नवाचार, लोकतांत्रिक सहभागिता और नैतिक नेतृत्व के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में कुल 50 प्रतिभागियों में से शीर्ष पाँच—अर्नव त्रिपाठी, नकुल देव साह, नंदिनी जोशी, प्राची जोशी एवं दिपांशु—का चयन राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 के लिए किया गया। ये प्रतिभागी विधान सभा, देहरादून में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। शीर्ष 10 में कार्तिकेय, दीपक, तिलक, निहारिका एवं लक्षा भी शामिल रहे।
समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण सत्र में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी एवं डॉ. शिवांगी सी. चन्याल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वसुंधरा, लता सुमन, आरती, हितेश, वैशाली, विशाल, गौरव, दीपक, कुंदन, अजय सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।

