नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में होली से पहले एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। अयारपाटा क्षेत्र में चोरी की नीयत से एक होमस्टे में घुसा युवक शराब के नशे में इतना बेसुध हो गया कि वहीं अंदर ही सो गया। सुबह मालिक ने उसे पकड़ा तो मामला थाने से ज्यादा नशा मुक्ति की जरूरत वाला निकला।
जानकारी के अनुसार अयारपाटा निवासी प्रदीप बोरा सोमवार रात अपने घर के पास संचालित होमस्टे को ताला लगाकर घर चले गए थे। देर रात करीब 12:30 बजे एक युवक ने होमस्टे में सेंधमारी कर दी।
उसने कमरों और अलमारियों की तलाशी ली, लेकिन कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा। इसी दौरान किचन में रखी शराब की बोतल देखकर उसका इरादा बदल गया। युवक ने वहीं बैठकर पूरी बोतल पी डाली।
सुबह बेसुध मिला, जगाने पर की अभद्रता
सुबह जब प्रदीप बोरा और कर्मचारी होमस्टे पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर एक अनजान युवक बेसुध हालत में सो रहा था। जगाने पर वह शर्मिंदा होने के बजाय गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगा। सूचना पर स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।
मामले की तहरीर मल्लीताल कोतवाली में दी गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया।
बेरोजगार और नशे का आदी
पुलिस के अनुसार स्ट्रॉबेरी लॉज निवासी 33 वर्षीय राकेश कुमार के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि वह बेरोजगार है और लंबे समय से नशे का आदी है। परिजन भी थाने पहुंचे और उसकी लत की जानकारी दी।
एसआई प्रवीण तेवतिया ने बताया कि युवक की स्थिति और पारिवारिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसे जेल भेजने के बजाय सुधारात्मक कदम उठाते हुए नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है।





