ब्रेकिंग न्यूज़

‘गिफ्ट पैक में 50 हजार डॉलर’ का लालच, हल्द्वानी की कॉस्मेटिक दुकानदार युवती साइबर ठगी की शिकार

हल्द्वानी। शहर की एक युवती इंटरनेट मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गई। खुद को कनाडा का नागरिक बताने वाले युवक ने युवती को गिफ्ट पैक में 50 हजार डॉलर भेजने का लालच दिया और बाद में कथित कस्टम अधिकारी बनकर फोन करने वाले व्यक्ति ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर उससे करीब चार लाख रुपये ठग लिए।

जानकारी के अनुसार हल्द्वानी की एक युवती, जो शहर में कॉस्मेटिक की दुकान चलाती है, ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। इसके आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी इंटरनेट मीडिया पर खुद को कनाडा का निवासी बताने वाले एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच अक्सर चैटिंग होती रहती थी। कुछ समय बाद युवक ने उसे कनाडा से एक सरप्राइज गिफ्ट भेजने की बात कही।

कुछ दिनों बाद युवती के पास एक व्यक्ति का फोन आया जिसने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया। उसने कहा कि कनाडा से उसके नाम एक पार्सल आया है और उसे प्राप्त करने के लिए टैक्स और अन्य शुल्क जमा करने होंगे। साथ ही उसने यह भी बताया कि पार्सल के अंदर 50 हजार डॉलर रखे हुए हैं।

इतनी बड़ी रकम सुनकर युवती लालच में आ गई और उसने अपने बैंक खाते से रकम निकालने के साथ ही एफडी तोड़कर करीब चार लाख रुपये बताए गए खातों में जमा करा दिए।

बाद में जब युवती के घर कोई पार्सल नहीं पहुंचा और कथित कनाडाई दोस्त से संपर्क नहीं हो पाया, जबकि कस्टम अधिकारी का फोन भी बंद आने लगा, तब उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।

मनोज कत्याल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं उनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से इंटरनेट मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आने की अपील भी की है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राम प्रधानों की मांगों को लेकर 24 सितंबर को भीमताल में धरना, जिला प्रधान संगठन ने किया आंदोलन का ऐलान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.