ब्रेकिंग न्यूज़

बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भराड़ी से खलझूनी गांव जा रही एक बोलेरो जीप बाबे बैंड के पास असंतुलित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे में देवरानी और जेठानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब तीन बजे 37 वर्षीय चालक दीपक राम पुत्र नैन राम भराड़ी से यात्रियों को लेकर बोलेरो जीप से खलझूनी गांव की ओर जा रहा था। रिखाड़ी के पास बाबे बैंड के समीप अचानक चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और जीप गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में खलझूनी गांव निवासी 60 वर्षीय पानुली देवी उर्फ हरुली देवी पत्नी प्रताप राम और 68 वर्षीय सुपुली देवी पत्नी नरपत राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक दीपक राम समेत 32 वर्षीय नीमा देवी पत्नी दीपक राम, 38 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी हरीश राम, 45 वर्षीय जशोदा देवी पत्नी रमी राम और 38 वर्षीय कमल चोड़िया पुत्र शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एक अन्य जीप की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक और घायल सभी खलझूनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पैरामेडिकल छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री धामी से मिले छात्र, ₹15 हजार इंटर्नशिप स्टाइपेंड समेत कई मांगें उठाईं

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.