ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई और तेज हवाएं चलने से ठंड एक बार फिर लौट आई।

खासकर पहाड़ी जिलों में मौसम के इस बदलाव का असर साफ तौर पर देखने को मिला।

नैनीताल में रविवार को अचानक मौसम बिगड़ गया और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हुई। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आज से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में हनुमान भक्तों द्वारा हनुमान जन्मोत्सव को लेकर बैठक आयोजित
error: Content is protected !!