भीमताल। क्षेत्र में बीते दिनों आई तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि ने ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। प्रभावितों की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भीमताल विधानसभा के दूरस्थ गांवों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने विकास खंड ओखलकांडा के ग्राम ककोड़ का निरीक्षण किया, जहां दिवान राम का मकान तेज आंधी-तूफान की चपेट में आ गया। तूफान की वजह से उनके घर की छत पूरी तरह उड़ गई, जिससे परिवार बेघर हो गया है। वर्तमान में पीड़ित परिवार किसी अन्य के घर में शरण लेकर गुजारा कर रहा है।
हरीश पनेरू ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से उप जिला अधिकारी से वार्ता कर घटना की जानकारी दी और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए।
पनेरू ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों में आपदा के बाद राहत पहुंचने में अक्सर देरी हो जाती है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।
