ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून की अगुवाई में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान 14 स्टोन क्रशरों को सीज कर दिया गया।

प्रशासनिक टीम ने लक्सर क्षेत्र के फतवा, महतोली, मुजफ्फरपुर गुर्जर, नेहटपुर, जवाहरखान उर्फ जीवरेड़ी तथा हरिद्वार तहसील के बाडीटीप भोगपुर क्षेत्रों में संचालित क्रशरों का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि 11 क्रशर लक्सर तहसील और 3 हरिद्वार तहसील में संचालित हो रहे थे, जिनमें गंभीर अनियमितताएं और खनन नियमों की अनदेखी पाई गई।

प्रवर्तन दल ने इन क्रशरों को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के आरोप में तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। साथ ही ई-रवन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए संचालन पर रोक लगा दी गई है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार संबंधित स्टोन क्रशरों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी हरिद्वार में 60 से अधिक स्टोन क्रशरों पर कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके अवैध खनन की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। हाल ही में इकबालपुर पुलिस चौकी के छह पुलिसकर्मियों को भी इसी मामले में निलंबित किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 12 मार्च 2026

You missed

error: Content is protected !!